Thursday, May 28, 2009

अनुभव व युवा ऊर्जा का मिश्रण : मनमोहन

उत्तर प्रदेश को केंद्रीय मंत्रिपरिषद में समुचित प्रतिनिधित्व नहीं मिलने के विचार को खारिज करते हुए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बृहस्पतिवार को कहा कि मंत्रिमंडल का गठन करते समय योग्यता जैसे कारकों को ही प्रमुखता दी गई है। सिंह ने कहा कि उनका नया मंत्रिमंडल ''अनुभव और युवा ऊर्जा का मिश्रण" है। संवाददाताओं द्वारा यह पूछे जाने पर कि उत्तर प्रदेश जहां पार्टी ने अपने सांसदों की संख्या दस से बढ़ा कर 21 कर दी, उसे मंत्रिमंडल में समुचित प्रतिनिधित्व क्यों नहीं मिला, सिंह ने कहा, योग्यता और बहुत से अन्य कारक होते हैं जो महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रधानमंत्री राष्ट्रपति भवन में अपने मंत्रिमंडल के दूसरे चरण के विस्तार के तहत 59 मंत्रियों को शपथ दिलाए जाने के बाद संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। जब सोनिया गांधी से उत्तर प्रदेश को केंद्रीय मंत्रिपरिषद में समुचित प्रतिनिधित्व नहीं दिए जाने की बात कही गई तो उन्होंने राहुल गांधी की ओर इशारा कर कहा, उन्होंने मंत्री बनने से इनकार कर दिया। वह पार्टी के लिए काम करना चाहते हैं और यही इसका कारण है। यह पूछे जाने पर कि उत्तर प्रदेश से एक भी कैबिनेट मंत्री क्यों नहीं है, सोनिया ने कहा, क्या स्वतंत्र प्रभार के राज्य मंत्री पर्याप्त नहीं हैं। दो-दो स्वतंत्र प्रभार के राज्य मंत्री बनाए गए हैं। अपनी बात के पक्ष में दलील देते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश से लोकसभा की 80 सीटों के मुकाबले कांग्रेस को वहां केवल 21 सीटें मिली हैं। राहुल गांधी ने भी कहा कि उत्तर प्रदेश को समुचित प्रतिनिधित्व दिया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल में स्थान पाने से ज्यादा जरूरी है राज्य में बुनियादी परिवर्तन लाना। मंत्रिमंडल के गठन में हुए विलंब के बारे में सिंह ने कहा कि हम गहराई से विचार करना चाहते थे और अनुभव एवं योग्यता का पता लगा रहे थे। उन्होंने इस सवाल का कोई सीधा जवाब नहीं दिया कि अर्जुन सिंह और शिवराज पाटिल जैसे नेताओं को मंत्रिमंडल में क्यों नहीं शामिल किया गया और कहा, उनके अनुभवों का उपयोग करने के अन्य रास्ते भी हैं।यह पूछे जाने पर कि क्या 206 का आंकडा प्राप्त करने के बाद कांग्रेस में अपने सहयोगियों के प्रति अंहकार की भावना आ गई है, उन्होंने इसे सिरे से नकारते हुए कहा, राजनीति में आप अहंकार नहीं रख सकते। मुझे नहीं लगता कि कांग्रेस में किसी तरह का घमंड है। यह पूछे जाने पर कि धुआंधार प्रचार के बाद क्या वह कुछ आराम करेंगे, उन्होंने तपाक से जवाब दिया, अगर आप कर लेने देंगे तो।

No comments: