Monday, May 25, 2009

मध्यप्रदेश से लेकर दिल्ली तक लॉबिंग

दो बडे चुनावी समर के बीतने के बाद भारतीय जनता पार्टी में संगठनात्मक सरगर्मी बढने लगी है। प्रदेश अध्यक्ष से लेकर राज्यसभा और निगम-मण्डलों के पदों को पाने के लिए नेता प्रदेश संगठन के दिग्गजों के चक्कर लगाने लगे हैं। हालांकि प्रदेश अध्यक्ष का कार्यकाल खत्म होने में काफी समय शेष है, लेकिन कई बडे नाम इसके लिए अभी मध्यप्रदेश से लेकर दिल्ली तक लॉबिंग में जुटे हैं। प्रमुख बडे नामों में राष्ट्रीय महासचिव थावरचन्द गेहलोत, पूर्व सांसद डॉ. सत्यनारायण जटिया, पूर्व संगठन महामंत्री व महाराष्ट्र के प्रभारी कप्तान सिंह सोलंकी, पूर्व संगठन महामंत्री कृष्ण मुरारी मोघे, राष्ट्रीय सचिव प्रभात झा, कैलाश सारंग व प्रदेश उपाध्यक्ष विजेन्द्र सिंह सिसोदिया शामिल हैं। ये नेता दिल्ली से लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी संपर्क में हैं। प्रदेश अध्यक्ष पद के कुछ दावेदारों का तो यह भी कहना है कि संगठन नाम नहीं भी बढाता है तो वे चुनाव लडेंगे। संगठनात्मक सरगर्मी के पीछे प्रमुख कारण यह भी है कि इसी सप्ताह से सदस्यता अभियान शुरू हो रहा है जिसमें दावेदार रूचि ले रहे हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक सारंग के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री सुन्दरलाल पटवा रूचि ले रहे हैं।राज्यसभा या प्रदेश अध्यक्ष, दोनों में से एक की मांग रखी जा रही है। प्रदेश अध्यक्ष पद के एक दावेदार गेहलोत का नाम राज्यसभा के लिए भी आगे बढाया जा रहा है। सोमवार को शाजापुर जिले के कुछ विधायक व जिलाध्यक्ष इसी सिलसिले में प्रदेश सह संगठन महामंत्री भगवतशरण माथुर से मिले। उन्होंने इस मुलाकात में कुछ प्रशासनिक फेरबदल करने की भी बात रखी। बाद में ये नेता मुख्यमंत्री से भी मिलने गए। उल्लेखनीय है कि नगर निकायों के चुुनाव के आसपास ही भाजपा संगठन के चुनाव प्रस्तावित हैं। इसीलिए कोई भी शून्यकाल के दौर में आराम करने के मूड में नहीं है। निगम-मण्डलों की कुर्सी पाने के लिए भी जोड-तोड जारी है। चन्द्रमणि भी पहुंचे मुख्यालयरीवा संसदीय सीट से करारी शिकस्त खाने वाले भाजपा उम्मीदवार व पूर्व सांसद चन्द्रमणि त्रिपाठी सोमवार को पार्टी प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश सह संगठन महामंत्री भगवतशरण माथुर से मुलाकात की। सूत्रों के मुताबिक त्रिपाठी ने संक्षिप्त मुलाकात में माथुर को लोकसभा चुनाव में हार के कई कारणों से अवगत कराया। उल्लेखनीय है कि रविवार को रीवा से सटी सतना लोकसभा से विजयी रहे भाजपा उम्मीदवार गणेश सिंह ने भी प्रदेश पदाधिकारियों से भेंट की थी।

No comments: