Sunday, March 15, 2009

दो पूर्व युवराज भाजपा में

राजकोट और जामनगर के पूर्व युवराजों ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता लेने और पार्टी से सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में जुडने की विधिवत घोषणा कर दी। इनमें राजकोट के युवराज व वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मनोहर सिंह जाडेजा के पुत्र मांधाता सिंह और जामनगर के युवराज व क्रिकेट खिलाडी छत्रपालसिंह शामिल हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पुरूषोत्तम रूपाला की बात शनिवार को फिर रंग लाती दिखी। उन्होंने शुक्रवार को वकील देवांग नानावटी और पूर्व मुख्यमंत्री छबीलदास मेहता के पौत्र अमित मेहता के भाजपा से जुडने की घोषणा के दौरान कहा था कि यह तो शुरूआत है। धमाका होना अभी बाकी है। शनिवार को यह धमाका हो ही गया। राजकोट के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और कांग्रेस की चुनाव समिति के सदस्य मनोहर सिंह जाडेजा के पुत्र को भाजपा में शामिल कर लिया। युवराज मांधाता ने कहा कि वे शुरू से ही भाजपा की नीतियों के समर्थक रहे हैं और जब उन्हें राजनीति में प्रवेश करना है तो उन्होंने भाजपा को ही अपनी पार्टी चुना है। उन्होंने कहा कि उन्हें इसी चुनाव में टिकट मिलेगा या नहीं इस बारे में वे कुछ नहीं जानते वे एक सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में पार्टी से जुड रहे हैं। शनिवार को रणजीत विलास पैलेस में उन्होंने पत्रकारों के समक्ष भाजपा से जुडने की घोषणा की। राजकोट शहर भाजपा प्रमुख नितिन भारद्वाज, राजकोट मनपा के पूर्व महापौर धनसुख भंडेरी भी यहां उपस्थित थे। इसके अलावा गेलेक्सी समूह के किरण पटेल ने भी भाजपा से जुडने की घोषणा की है। मांधाता और पटेल के पार्टी का ऎलान जुडने के बारे में सोमवार को बालभवन में होने वाले समारोह में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पुरूषोत्तम रूपाला करेंगे। उधर जामनगर के युवराज छत्रपाल प्रताप सिंह जाडेजा और निवृत्त कर्नल सुधीर उपाध्याय ने शनिवार को अहमदाबाद के खानपुर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में भाजपा से जुडने की विधिवत घोषणा की।

No comments: