Friday, March 13, 2009

राहुल गांधी को जगह नहीं दी जय हो में

कांग्रेस ने प्रचार के लिए बनाई फिल्म जय हो में अपने युवा नेता राहुल गांधी को जगह नहीं दी है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को प्रमुख आधार बनाकर पार्टी ने संदेश देने की कोशिश की है कि इन नेताओं की अगुवाई में देश का जमकर विकास हुआ। जय हो- जय हो गाने के बीच संप्रग सरकार की उपलब्धियों व विकास कार्यो को दिखाया गया है। जय हो गाना पहले ही सब की जुबान पर चढ चुका है। इसका लाभ कांग्रेस को मिल सकता है। कांग्रेस प्रवक्ता जयंती नटराजन ने बताया कि यह फिल्म पार्टी के अतीत और वर्तमान की उपलब्धियों से संबंधित है। शुकवार को यह फिल्म जारी करने से पूर्व पत्रकारों को दिखाई गई। उन्होंने कहा कि यह फिल्म जहां एक ओर राष्ट्रीय हितों के लिए कांग्रेस पार्टी के योगदान का उल्लेख करती है वहीं दूसरी ओर आम आदमी के हितों पर भी आधारित है। यह भारत निर्माण के दर्शन को प्रदर्शित करने के साथ-साथ विकास के आयामों को भी वर्णित करती है। इस फिल्म में स्वतंत्रता आंदोलन के आरंभ से लेकर आज तक दलितों-शोषितों के हितों के लिए किए गए कार्यो का भी उल्लेख किया गया है। इसमें जमींदारी उन्मूलन, भूमि सुधार, बैंकों के राष्ट्रीयकरण तथा दलितों- महिलाओं के लिए पंचायती राज संस्थाओं में आरक्षण का जिक्र है तथा यह भी वर्णन किया गया है कि कांग्रेस ने हमेशा से आम आदमी के हितों के लिए लडाई लडी है। कांग्रेस पार्टी के संबंध में पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि हम आम आदमी के हितों के लिए अपना कठिन परिश्रम निरंतर जारी रखेंगे। यह गठबंधन का युग है। हम समान विचारधारा वाले लोगों के साथ कूटनीतिक गठबंधन बनाएंगे तथा अपनी स्थिति को मजबूत बनाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक राष्ट्रीय दल है और उसका एक राष्ट्रीय एजेंडा है। उडीसा में वॉकओवर दिए जाने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने नवीन पटनायक के समर्थन में मतदान नहीं किया है। वाराणसी में राजेश मिश्रा द्वारा धन वितरण किए जाने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि वह एक आकस्मिक घटना थी। अस्पताल में मरीजों को राहत प्रदान करने के लिए संभवत: ऎसा किया गया था। एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का दर्शन धर्मनिरपेक्षता का है और हम चुनाव में समान विचारधारा वाले लोगों के साथ सीटों का बंटवारा करेंगे।

No comments: