दिल्ली की सातों लोकसभा सीट पर चुनाव संपन्न होने के बाद सियासी समीकरण व संभावनाओं पर चर्चा इन दिनों जोरों पर हैं। वहीं, थकान मिटाने तथा तनाव कम करने की कोशिश के बाद प्रत्याशी अब 'शनि की वक्र दृष्टि' से बचने की कोशिश कर रहे हैं। दरअसल, प्रत्याशियों की नजर 16 मई के दिन मतगणना पर टिकी हुई है। मतगणना का दिन शनिवार होने से इन दिनों प्रत्याशी अपने 'इष्ट देव' से भी अधिक 'शनि देव' को प्रसन्न करने में लगे हुए हैं। ताकि शनि की 'वक्र दृष्टि' से वह महफूज रहें और चुनावी वैतरणी सफलता पूर्वक पार कर जाएं। तमाम प्रत्याशियों के समर्थकों की माने तो 9 मई शनिवार के दिन सुबह से शाम तक नेताजी घर व मंदिर में हाजिरी लगा शनि देव से चुनाव परिणाम अपने पक्ष में करने की मन्नतें मांगने में व्यस्त दिखे। यहां तक कि चुनावी थकान पूरी तरह उतरी भी नहीं कि प्रत्याशी ज्योतिषियों से संपर्क साध अपने विरोधी खेमे के प्रत्याशियों से ज्यादा स्वयं के ग्रह नक्षत्रों की चाल से वाकिफ होने लगे हैं। कांग्रेस व भाजपा प्रत्याशियों के ग्रह नक्षत्रों की गणना करने वाले अखिल भारतीय ज्योतिष परिषद के राष्ट्रीय महासचिव आचार्य कृष्ण दत्त शर्मा के अनुसार पांच सीटें कांग्रेस तथा दो सीटें भाजपा की झोली में जाती हुई दिखाई पड़ रही है। नई दिल्ली लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी अजय माकन की ग्रह दशा को लेकर बताया जा रहा है कि इनके पांचवें घर में शनि है। जो मनोरथ सिद्धि कारक है। गोचर में शनि तथा शुक्र सप्तम योग होने से भाग्य पराक्रम को दिखाता है। जिस कारण चुनाव नतीजे इनके पक्ष में आएंगे, यह ज्योतिषीय गणना है। वहीं भाजपा प्रत्याशी विजय गोयल की राशि व ग्रहों की चाल को लेकर बताते हैं कि चंद्रमा और शुक्र जो लोकप्रियता हासिल करने में सहायक होता है, इन दिनों दोनों दुर्बल हैं। यह लोकप्रियता में कमी लाने वाला है। इसी प्रकार उत्तर पश्चिमी लोकसभा सीट को लेकर जो ज्योतिषीय आकलन है, उसके मुताबिक भाजपा प्रत्याशी मीरा कांवरिया की राशि में शनि बैठा है। आठवें घर में शुक्र मंगल होने से उन्हें सफलता हासिल करने में मुश्किल पैदा करेगा। जबकि कांग्रेस प्रत्याशी कृष्णा तीरथ मिथुन राशि की हैं। राहु आठवें घर में बैठा है जो लोकप्रियता में वृद्धि करने वाला है। शनि तीसरे घर में चलने से वह भी पराक्रम में वृद्धि को दर्शाता है। ज्योतिषियों की माने तो इनकी जीत तय है। पश्चिमी दिल्ली सीट से कांग्रेस प्रत्याशी महाबल मिश्रा का बल शनि राशि पर बैठकर प्रभाव को कम कर रहा है। जो पराभव कारक है। वहीं उनके प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी जगदीश मुखी मकर राशि के हैं। नीच का वृहस्पति चल रहा था मगर एक मार्च को राशि परिवर्तित कर दूसरे घर में आ गया है जो विजय कारक और विभूति कारक है। ज्योतिष गुरू 16 मई का दिन इनके लिए शुभ बता रहे हैं। जबकि दक्षिणी दिल्ली सीट से कांग्रेस के रमेश कुमार व भाजपा के रमेश बिधूड़ी की ग्रह दशा को लेकर बताया जा रहा है कि दोनों तुला राशि के हैं और शनि इनके एकादश भाव में बैठा है। जो समान रूप से फल कारक है। मगर यहां से चुनाव लड़ रहे बसपा प्रत्याशी कंवर सिंह तंवर की कुंडली में शनि तीसरे घर में बैठा है जो स्वयं के पराक्रम में वृद्धि करने के साथ अन्य के लिए सहायक होगा। जिस कारण यह अन्य प्रत्याशी को लाभ पहुंचाएगा। ज्योतिष परिषद ने चांदनी चौक लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी कपिल सिब्बल व भाजपा प्रत्याशी विजेंद्र गुप्ता के बारे में जो गणना की है उसके मुताबिक सिब्बल की राशि का स्वामी बुध है। जो राज, मान और प्रतिष्ठा को आंशिक रूप से हानि करने वाला है। जिसकी पुष्टि आठवें घर में बैठा राहु करता है। जबकि विजेंद्र गुप्ता की राशि का स्वामी शुक्र उच्च राशि में होकर एकादश भाव में बैठा हुआ है। जो सफलता कारक है। वहीं, पूर्वी दिल्ली से कांग्रेस प्रत्याशी संदीप दीक्षित कुंभ राशि के हैं। वर्तमान में इनके सातवें घर में शनि बैठकर शत्रु पक्ष को कमजोर कर रहा है। वहीं उत्तर पूर्वी सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी जयप्रकाश अग्रवाल की ग्रह दशा देखने के बाद इनकी जीत तय मानी जा रही है। 16 मई शनिवार को मकर राशि पर चंद्रमा की नजर है जो पराक्रम में वृद्धि करता है। वहीं, दूसरे घर में वृहस्पति मनोबल में वृद्धि कर रहा है, सफलता का सूचक है।
No comments:
Post a Comment