Wednesday, June 3, 2009

वरूण ने ताई तो राहुल ने चाची को किया नमस्कार

लोकसभा में आज नए सांसद बने वरूण गांधी ने शपथ लेने से पहले जहां अपनी ताई कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को हाथ जोड़कर प्रणाम किया वहीं उनके चचेरे भाई राहुल गांधी ने अपनी चाची मेनका गांधी को नमस्कार किया। हालांकि जेठानी देवरानी एक दूसरे को सीधे देखने से कतराती दिखीं।वरूण जिस समय हिन्दी में शपथ ले रहे थे कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया खुश नजर आ रही थीं जबकि राहुल जब अंग्रेजी में शपथ ले रहे थे उनकी चाची मेनका मुस्कराती दिखीं। राहुल के शपथ लेते समय मेनका को मेज थपथपाकर उनका उत्साह बढ़ाते भी देखा गया। यह नजारा उस समय का था जब गांधी परिवार के दो पुत्रों ने 15वीं लोकसभा के सदस्यों के रूप में शपथ ली। वरूण पीलीभीत से भाजपा के टिकट पर जीते हैं जहां से पहले उनकी मां सांसद थीं। शपथ लेने के लिए उन्हें वरूण फिरोज गांधी के नाम से पुकारा गया। उन्होंने अपनी ताई का हाथ जोड़कर अभिवादन किया जो सत्ता पक्ष की सबसे आगे की पंक्ति में बैठी थीं।अध्यक्ष दीर्घा में बैठी उनकी चचेरी बहन प्रियंका गांधी और उनके पति राबर्ट वडेरा भी वरूण के शपथ लेते समय मुस्कुराते देखे गए। वरूण जब शपथ लेने के बाद अपनी सीट की ओर लौट रहे थे उनकी मां को उन्हें अपने पास बुलाते देखा गया। वह संभवत: उनसे कुछ पूछ रही थीं। बाद में मां बेटे सदन से बाहर चले गए। उधर राहुल ने शपथ लेने के बाद विपक्ष के नेता लालकृष्ण आडवाणी और अन्य भाजपा नेताओं को नमस्कार किया। उन्होंने विपक्षी बेंच पर बैठी अपनी चाची मेनका को भी हाथ जोड़कर प्रणाम किया। वरूण और राहुल के शपथ लेने के बाद प्रियंका और राबर्ट को भी अध्यक्ष दीर्घा से बाहर जाते देखा गया।

No comments: