Thursday, June 25, 2009

वरूण गांधी की संघ नेताओं से गुप्त वार्ता

अपने विवादित भाषण के कारण सुर्खियों में आए भारतीय जनता पार्टी के युवा सांसद वरूण गांधी ने पार्टी के ही कुछ नेताओं द्वारा की जा रही उनकी आलोचना के बीच आज राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नेताओं से मुलाकात की। गांधी ने संघ के नेताओं से उत्तर प्रदेश में पार्टी का ग्राफ बढ़ाने पर भी विचार विमर्श किया। संघ मुख्यालय पर करीब एक घंटे क्षेत्रीय प्रचारक अशोक बेरी से हुई उनकी मुलाकात के दौरान भाजपा का कोई नेता मौजूद नहीं था। बैठक पूरी तरह गुप्त रखी गई थी।बेरी और संघ के कुछ अन्य नेताओं से मिलने के बाद गांधी दिल्ली चले गए। भाजपा सूत्रों के मुताबिक गांधी ने बेरी से अपने विवादित भाषण के संबंध में चल रहे मुकदमें के बारे में भी बात की। उन्होंने 2012 में उत्तर प्रदेश विधानसभा के होने वाले चुनाव मिशन 2012 के सम्बन्ध में भी कुछ सुझाव दिए। भाजपा के प्रदेश प्रेस सचिव हीरो वाजपेयी ने बताया कि वरूण गांधी आज सुबह सरस्वती शिशु मन्दिर निरालानगर पहुंचे और संघ नेताओं से मिले।उनका कहना था कि गांधी की यह व्यक्तिगत यात्रा थी लेकिन उनकी संघ नेताओं से राजनीतिक चर्चा भी हुई होगी। पार्टी के एक वर्ग द्वारा गांधी को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की मांग उठ रही है, ऎसे में उनकी संघ नेताओं से मुलाकात काफी अहम मानी जा रही है।

No comments: