Sunday, June 7, 2009

निम्बालकर हत्याकांड में एनसीपी सांसद गिरफ्तार

सीबीआई ने कांग्रेस नेता पवन राजे निम्बाल्कर हत्याकांड के सिलसिले में उस्मानाबाद से सांसद और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा)के वरिष्ठ नेता पद्म सिंह पाटिल को कल गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पाटिल को उस समय गिरफ्तार किया गया जब वह शनिवार शाम किसी सरकारी कार्य के सिलसिले में मुम्बई आए थे। सूत्रों ने बताया कि पाटिल से पूछताछ की जा रही है और उन्हें आज पनवेल अदालत में पेश किया जाएगा। मुम्बई अपराध शाखा इस मामले में गत फरवरी में ही दो लोगों पारस जैन और दिनेश तिवारी को गिरफ्तार कर चुकी है। बताया जाता है कि इन दोनों ने निम्बाल्कर की हत्या की बात स्वीकार की है। मुम्बई निवासी पारस और उत्तर प्रदेश के गोरखपुर निवासी दिनेश को कांग्रेस नेता की हत्या के लिए 30 लाख रूपए की सुपारी दी गई थी। गौरतलब है कि पद्म सिंह पाटिल के चचेरे भाई और कांग्रेसी नेता निम्बालकर उनके चालक सहित मुम्बई पुणे एक्सप्रेस वे पर कलामबोली के निकट तीन जून 2006 को मोटरसाइकिल सवार ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। कलामबोली पुलिस ने इस मामले की प्रारंभिक जांच की और बाम्बे उच्च न्यायालय ने अक्टूबर 2008 में मामला सीबीआई को सौंप दिया गया। ऎसा माना जा रहा है कि इन दो संदिग्धों ने सीबीआई के समक्ष बयान दिया है कि पाटिल ने कांग्रेस नेता की हत्या करने के लिए सुपारी दी थी जिसके मद्देनजर सीबीआई ने राकांपा सांसद को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। 2004 में महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में निंबालकर ने पाटिल के खिलाफ चुनाव लडा था और वहां उनकी पांच सौ मतों से हार हुई थी। इस बीच, निंबालकर के परिवारजनों ने पुलिस पर जांच में कोताही बरते जाने का आरोप लगाया है।

No comments: